अलीगढ़ में बाइक सवार युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
अलीगढ़ में बाइक सवार युवक को मारी गोली, हालत गंभीर डेस्क समाचार दर्पण लाइव। अलीगढ़ :- थाना महुआखेड़ा क्षेत्र के गांव सुखरावली स्थित आश्रम के पास गुरुवार देर रात बाइक सवार युवक पर अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट व पीठ में लगी हैं। जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां से स्वजन उसे रेफर कराकर आगरा ले गए। वहां भी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच करने के साथ ही हमलावरों को भी तलाश कर रही है। दावा कर रही है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इंस्पेक्टर महुआखेड़ा विनोद कुमार ने बताया कि हरदुआगंज थाना क्षेत्र के गांव किढारा निवासी 35 वर्षीय मोहन सिंह पनीर का कारोबार करते थे। पिछले कुछ समय से काम बंद कर रखा है। मोहन सिंह के अनुसार गुरुवार रात करीब नौ बजे वे अपने एक परिचित से मिलने बाइक से गांव सुखरावली आए थे। आरोप है कि जैसे ही आश्रम के पास पहुंचे, तभी दूसरी बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली छाती व पेट में लगने से मोहन सिंह बाइक से गिरकर खून से लथपथ हो गए। …