प्रयागराज। कहते हैं, रूठी पत्नी को मनाने के लिए लोग फूल, मिठाई या गिफ्ट लेकर जाते हैं। लेकिन प्रयागराज के राजा अली ने तो मानो इस परंपरा को ही उल्टा लिख दिया। पत्नी मायके क्या चली गई, जनाब गुस्से में इतने लाल हो गए कि सीधे बमों का जखीरा और तीन साथियों को लेकर ससुराल पर धावा बोल दिया।
बताया जा रहा है कि पत्नी किसी बात से नाराज़ होकर अपने मायके चली गई थी। बस फिर क्या था... राजा अली ने बातचीत या समझौते का रास्ता छोड़कर ऐसा रास्ता चुना, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। वह अपने साथियों के साथ ससुराल पहुंचा और देखते ही देखते ताबड़तोड़ बम फेंकने शुरू कर दिए।
घर में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे, जबकि बाहर पूरा इलाका धमाकों की आवाज़ से गूंज उठा। लेकिन शायद राजा अली यह भूल गया था कि आजकल दीवारों के भी कान नहीं, कैमरे होते हैं। उसकी पूरी करतूत घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
अब वही फुटेज उसके लिए सबसे बड़ा सबूत बन गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को तीन बमों के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस पूरे बवाल का मास्टरमाइंड राजा अली अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
तंज की बात यह है कि अगर इतना ही जोश पत्नी को मनाने में दिखाया होता, तो शायद आज पुलिस से छिपने की नौबत नहीं आती। लेकिन जनाब ने रिश्ते बचाने के बजाय कानून से टकराने का रास्ता चुन लिया। अब पत्नी माने या न माने, पुलिस जरूर "मुलाकात" कराने की तैयारी में जुटी है।