14 सितंबर को अलीगढ़ आ सकते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तैयारियां शुरू

डेस्क समाचार दर्पण लाइव

अलीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 14 सितंबर को अलीगढ़ आने की संभावना है। वे यहां डिफेंस कारिडोर, राजा महेंद्र प्रताप राज्य विश्वविद्यालय व धनीपुर मिनी एयरपोर्ट समेत करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन चौकन्ना है। सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाएं बड़ी चुनौती होंगी। अधिकारियों ने भागदौड़ शुरू कर दी है। मुख्य कार्यक्रम लोधा में प्रस्तावित है। मंडलायुक्त गौरव दयाल, डीआइजी दीपक कुमार, डीएम सेल्जा कुमार जे. व एसएसपी कलानिधि नैथानी अन्य अफसरों के साथ लोधा पहुंचे। यहां संभावित कार्यक्रम स्थल व अन्य व्यवस्था के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों की सतर्कता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बरसात के बीच उन्होंने छाते की मदद से प्रमुख स्थलों का जायजा लिया। सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार ने बताया कि 14 सितंबर को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का दौरा संभावित है। अभी लिखित में कार्यक्रम नहीं आया है। तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे, उसके अनुसार व्यवस्थाएं की जाएंगी।

अलीगढ़ से लखनऊ की शुरू होगी उड़ान

अलीगढ़ से उड़ान शुरू होने का सपना पूरा होने वाला है। धनीपुर हवाई अड्डा जल्द शुरू होगा। राजकीय निर्माण निगम ने तीन साल पहले इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया था। करीब 30 करोड़ की लागत से जमीन का अधिग्रहण किया गया। करीब ढाई साल में 25 करोड़ से अधिक की लागत में निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं।

डिफेंस कारिडोर में मिलने लगे कब्जे

देश के पहला डिफेंस इंडस्ट्रीज कारिडोर अलीगढ़ के अंडला में प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को इसे विकसित करने की जिम्मेदारी मिली है। रक्षा हथियारों के कलपुर्जे व मेटल प्रोडक्ट में अनुभव रखने वाली 21 कंपनियों को जमीन आवंटित कर कब्जा भी दे दिया गया है। बिजली विभाग 33 केवी के बिजलीघर के निर्माण की प्रक्रिया में जुटा है। जल निगम वाटर लाइन व वाटर हेड टैंकों का निर्माण करेगा। यूपीडा के एसीईओ श्रीश वर्मा ने ग्रीन एरिया विकसित करने की जिम्मेदारी फेडरेशन आफ इन्नेवेटिव मैन्युफैक्चरर के अध्यक्ष उद्योगपति धनजीत वाड्रा को सौंपी है।

राज्य विश्वविद्यालय से होगी छात्र-छात्राओं को सुविधा

अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना होनी है। इसके लिए लोधा क्षेत्र में 94 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है। 100 करोड़ रुपये की राशि भी आवंटित की जा चुकी है। पदों का सृजन भी हो चुका है। हरियाणा की ईश्वर सिंह एंड एसोसिएट कंपनी को कार्यदायी संस्था नियुक्त किया गया है

डीएम ने अफसरों को दिए निर्देश

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ शीर्ष प्राथमिकता वाली तमाम परियोजनाओं की समीक्षा की। कहा, प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री इन परियोजनाओं का शिलान्यास व पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करने आ सकते है। अधिकारी व्यक्तिगत रूप से रूचि लेकर विकास व निर्माण कार्यों को पूर्ण कराएं।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0