मेरठ, बुलंदशहर और आस - पास के जिलों के बड़ी खबरें पढ़िए, जो दिनभर सुखिर्यों में रही...

 

ब्यूरो ललित चौधरी

मेरठ और आसपास जिलों में आज कई प्रमुख मामले चर्चा में हैं। यहां हम आपको ऐसी ही बड़ी खबरों को कम शब्दों में बताने जा रहे हैं। जो खबरें दिनभर सुखिर्यों में रहीं हैं।

25 हजार का इनामी गोतस्कर को गोली लगी, गिरफ्तार

बुलंदशहर। गुरुवार की देर रात गुलावठी पुलिस ने गोहत्या के आरोपित और 25 हजार रुपये के इनामी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में आरोपित हारून पुत्र इकबाल निवासी रसूलपुर गुलावठी के पैर में गोली लगी है। आरोपित से एक तमंचा, दो ङ्क्षजदा व एक खोखा बरामद हुआ है।

फेरों से पहले की बुलेट की मांग, तोड़ा रिश्ता

बुलंदशहर। खुर्जा के मोहल्ला सिटी स्टेशन निवासी हरभजन सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री रेखा का शादी समारोह गुरुवार रात अंबेडकर पार्क में था। बारात दिल्ली से आई थी। आरोप है कि जयमाला के बाद फेरों से पहले दूल्हा पक्ष के लोगों ने बाइक की मांग कर दी। समझाने के बावजूद भी दूल्हा पक्ष के लोग नहीं माने और रिश्ता तोड़ दिया। इतना ही नहीं बरात दूल्हे समेत मौके से फरार हो गई। मामले में पीडि़त ने शुक्रवार दोपहर को पुलिस से शिकायत की है।

मेरठ की बेटी ने किया ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के साथ प्रतिनिधित्व

मेरठ। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन भारत दौरे पर हैं। उनके साथ दूसरे दिन के अहम राजनैतिक, व्यवसायिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मुख्य संचालक देवयानी शर्मा मेरठ की बेटी हैं। देवयानी ब्रिटिश उच्चायोग में डिप्टी हेड आफ विसिट्स के उच्च पद पर हैं। देवयानी शास्त्री नगर निवासी क्लीनिकल साइकोलाजिस्ट डा. सीमा शर्मा की बेटी हैं। उनके पिता प्रवीण शर्मा का कुछ साल पहले निधन हो गया था।

पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी का सपा से इस्तीफा

मेरठ। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के सहयोगी पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। शास्त्रीनगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया है कि स्वामी प्रसाद मौर्य कोई भी निर्णय ठीक से नहीं कर पाते हैं। साथ ही अखिलेश यादव अहंकारी हैं। सपा में पिछड़ों का सम्मान नहीं है। सपा में उनका दम घुट रहा था इसलिए सपा को छोड़ दिया है। पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी ने कहा कि वह जल्द समाज के लोगों के साथ बैठक कर भविष्य की रणनीति तय करेंगे।

आतंकी गतिविधि में शामिल मदरसे व मस्जिद होने चाहिए ध्वस्त : संगीत सोम

मेरठ। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम एक बार फिर विवादित बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई घटना के बाद एक चैनल पर बयान दिया कि आतंकी गतिविधि में शामिल मदरसे व मस्जिद बिना किसी किसी रोकटोक के ध्वस्त कर देने चाहिए। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया के फेसबुक पेज पर पूर्व विधायक संगीत सोम का एक वीडियो चैनल पर बयान देते हुए वायरल हुआ। जिसमें वीडियो को टैग कर यह भी आरोप लगाते हुए लिखा है कि मस्जिदों, मदरसों में क्या पढ़ाया और सिखाया जाता है।

कारोबारी के घर चोरी करने वाले नेपाली चोर से मुठभेड़, लगी गोली

सहारनपुर। जिला पुलिस लगातार बदमाशों पर शिकंजा कस रही है। गुरुवार की ही बात करें तो अलग अलग तीन मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गोली लगी है। गुरुवार की ही देर रात बिहारीगढ़ थाना पुलिस और एसओजी टीम के साथ नेपाल के दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरी बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मुठभेड़ में एक सिपाही के भी पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नेपाली चोर से व्यापारी केएल अरोड़ा के घर हुई चोरी का सामान मिला है।

श्रमिकों के मेधावी बच्चों को आगे बढ़ाएगी चेतन चौहान खेल योजना

मेरठ। सर्किट हाउस में शुक्रवार की दोपहर श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला ने श्रम विभाग के मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उद्यमियों की समस्याओं को लेकर भी मंथन किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए पहुंचे डीएम दीपक मीणा ने भी योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

दो युवकों के फांसी लगे शव मिले

बागपत। बेंगलूरू में हेयर सैलून चलाने वाले आदाब उर्फ जुबैर पुत्र शमजाद निवासी गौरीपुर जवाहरनगर का बागपत के पुराना कस्बा में रिश्तेदार के मकान में फांसी लगा शव मिला। वह बेंगलूरू से अपने घर आया हुआ था। आरोप है कि बागपत में रहने वाले एक रिश्तेदार महिला ने फोन कर उसे अपने घर बुलाकर फांसी लगाकर हत्या कर दी। दूसरी घटना बागपत कोतवाली के ग्राम निवाड़ा में युवक विजय ने गृहकलह के चलते फांसी लगाकर खुदकुशी की। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम से पता चलेगा कि इन्होंने खुदकुशी की या इनकी हत्या की गई।

एसबीआई शाखा के लिंटर का प्लास्टर गिरा, मची भगदड़

बिजनौर। चांदपुर कस्बे में रामलीला मैदान के निकट एसबीआई शाखा है। जिसका लिंटर काफी समय से जर्जर हालत में है। शुक्रवार दोपहर के समय ग्राहक शाखा में मौजूद थे। तभी लिंटर का प्लास्टर भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कोई घायल नहीं हुआ।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0