बुलंदशहर। बुलंदशहर में कांवड़ शिविर पर मधुमक्खियों का हमला, दंपति घायल

 

ब्यूरो डेस्क, समाचार दर्पण लाइव

कांवड़ सेवा शिविर के पास मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई। इस दौरान दंपति घायल हो गया जिसे अस्पताल भेजा गया।

बुलंदशहर/स्याना। स्याना में नहर पुलिस चौकी स्थित लगे कांवड़ सेवा शिविर के पास मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। वहां पर कांवड़ यात्रियों और सेवा कर रहे लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। जबकि मार्ग से गुजर रहे बाइक सवार दंपति मधुमक्खियों की चपेट में आ गए और घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। 

मधुमक्खियों के हमले को देख गढ़मुक्तेश्वर-स्याना मार्ग मार्ग कुछ देर के लिए बंद हो गया और कांवड़ शिविरों में सन्नाटा छा गया। सूचना मिलते ही एसडीएम मधुमिता सिंह और सीओ वंदना शर्मा मौके पर पहुंच गईँ। खेतों में कार्य कर रहे किसान और ग्रामीणों ने टाट पट्टी और पूले के ढेरों में आग जलाकर धुंआ किया, तब कहीं जाकर मधुमक्खियों का आतंक खत्म हुआ। 

कोतवाल धर्मेंद्र सिंह मुताबिक पुलिस चौकी के निकट सेमल के ऊंचे वृक्षों पर डंगारा मधुमक्खियों ने छत्ते बनाए हुए हैं। अचानक मधुमक्खियों ने लोगों को काटना शुरू कर दिया। इसमें सिंभावली के सरदार अमरीक सिंह और उनकी पत्नी हरविंदर कौर घायल हो गए। उनका उपचार हापुड़ के अस्पताल में चल रहा है। 

सीओ स्याना वंदना शर्मा ने कहा कि मधुमक्खियों ने किसी भी कांवड़ यात्री को नहीं काटा है। सिभावली थाना क्षेत्र के बाइक सवार दंपति के मधुमक्खियों के काटने से घायल होने की बात सामने आई है। हापुड़ के निजी अस्पताल में उपचार हो रहा है।


बुलंदशहर। हर-हर महादेव से गूंजे कांवड़ मार्ग, लौट रहे जत्था

हर-हर महादेव और बम-बम बोल बम के जयकारों से कांवड़ मार्ग गुंजायमान हो रहे हैं। भोले बाबा के भक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटने लगे हैं। अपने गंत्वय को जा रहे कांवड़िया भोले बाबा के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की जा रही है।

मेरठ-बुलंदशहर मार्ग पर सुबह से लेकर देर रात तक कांवड़ियों से मार्ग गुलजार हो रहे हैं। कांवड़ियों के जत्थे लगातार हरिद्वार से आ रहे हैं। मार्ग को वन वे ट्रैफिक कर दिया गया है। बड़ी संख्या में आ रहे कांवड़ियों की सुविधा के लिए जैनपुर गांव सहित कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों पर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं। 

कांवड़ियों की सुविधा के लिए पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही हैं। सेक्टर औ जोनल मजिस्ट्रेट कांवड़ यात्रा में अपनी डयूटी में लगे हुए हैं।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0