संक्रांति पर नए अंदाज में नजर आए अलीगढ़ के डीएम, छानी जलेबी,स्टाफ के साथ किया श्रमदान, फिर दिव्यांग कर्मचारियों को हाथों से परोसा भोजन

कलेक्ट्रेट में कर्मचारियों के लिए जलेबियां छानते अलीगढ़ के डीएम इंद्र विक्रम सिंह।

SDLive News
अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चित अलीगढ़ के डीएम इंद्र विक्रम सिंह रविवार को एक नए रूप में नजर आए। कभी नरम और कभी गरम रहने वाले डीएम ने पहले कलेक्ट्रेट में अधिकारियों और स्टाफ को मकर संक्रांति की बधाई दी और उनके साथ श्रमदान किया। इसके बाद वह एनआईसी में बन रहे भंडारे में पहुंच गए।

यहां डीएम ने पहले हलवाई से बातचीत की। इसके बाद वह खुद हलवाई के साथ रसोई में बैठ गए और जलेबियां छानने लगे। डीएम को जलेबी बनाते देख अन्य अधिकारी और कर्मचारी हैरत में पड़ गए। देखते ही देखते दूसरे अधिकारी और कर्मचारी भी रसोई में हाथ बंटाने लगे। जिसके बाद उनका यह अनोखा अंदाज खूब सुर्खियां बटोर रहा है।

हाथों में फावड़ा लेकर डीएम ने कलेक्ट्रेट में श्रमदान किया।


मेहनत का नहीं होता है कोई विकल्प

मकर संक्रांति और रविवार की छुट्‌टी के मौके पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कलेक्ट्रेट में श्रमदान किया और कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित किया। डीएम के साथ जिले भर के अधिकारी और कर्मचारी कलेक्ट्रेट में फावड़ा लेकर काम करते नजर आए। सरकारी कर्मचारियों के साथ अन्य लोगों ने भी कलेक्ट्रेट में श्रमदान किया।

इस मौके पर डीएम ने सभी को संबोधित किया और कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता है। सभी को श्रम अवश्य करना चाहिए। इससे शारीरिक व मानसिक विकास भी होता है। यदि भागदौड़ भरी जिन्दगी में श्रम को समय नहीं दे पा रहे हैं, तो सप्ताह में एक दिन अपने घर, आसपास, गली मुहल्ले या पार्क में दो घंटा श्रमदान जरूर करें।

डीएम ने दिव्यांग कर्मचारियों को अपने हाथों से भोजन परोस कर खिलाया


दिव्यांग कर्मचारियों को हाथों से परोसा भोजन

श्रमदान और रसोई में जलेबियां व कचौड़ी छानने के बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट के सभी कर्मचारियों को त्योहार की बधाइयां दी। उन्होंने कहा कि आमजनों के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से सरकारी कर्मचारी काम करें। जिससे सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति को मिल सके।

इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट के दिव्यांग कर्मचारियों को सबसे पहले भोजन कराया। डीएम ने कलेक्ट्रेट के दिव्यांग कर्मचारी सलीम और सुरेन्द्र को अपने हाथों से भोजन की थाली परोस कर दी। इसके बाद स्टाफ के साथ खुद भी कलेक्ट्रेट में ही भोजन किया। जिसके चलते रविवार को भी कलेक्ट्रेट में पूरे दिन रौनक बनी रही।

श्रमदान के दौरान यह रहे मौजूद

डीएम इंद्र विक्रम सिंह के साथ कलेक्ट्रेट में डीएम प्रशासन डीपी पाल, एडीएम वित्त अमित कुमार भट्ट, नगर मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर, अधिशासी अभियंता लोनिवि जीपी पुष्कर, सीवीओ डॉ बीपी सिंह, एसडीएम प्रशांत, डीएसओ शिवाकांत पाण्डेय, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, सहायक निवार्चन अधिकारी कौशल कुमार, जिला अल्प बचत अधिकारी पीयूष कुमार समेत कलेक्ट्रेट स्टाफ हेमंत जैन, पीयूष साराभाई, अरूण शर्मा समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0