अलीगढ : हरदुआगंज के कलाई में प्रधान के अधिकार सीज हुए तो बौखलाया गैंग, शिकायतकर्ता को सड़क पर पीटा



हरदुआगंज के कलाई गांव में मनरेगा घोटाले की शिकायत करना एक परिवार को इतना भारी पड़ गया कि शिकायतकर्ता को खुलेआम सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। आरोप है कि ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज होने से बौखलाए प्रधान पति और उसके गुर्गों ने शिकायतकर्ता पक्ष पर दो-दो बार हमला बोला। लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हुए हमले में एक व्यक्ति का सिर फट गया, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

गांव निवासी दिव्यांग कौशलेश वर्मा के मुताबिक उनके चाचा सत्यपाल सिंह ने मनरेगा में हुए खेल की शिकायत अधिकारियों से की थी। जांच हुई… मामला सही निकला… और प्रशासन ने ग्राम प्रधान इंदु देवी के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए। बस यहीं से गांव की राजनीति में बारूद भर गया।

आरोप है कि शुक्रवार सुबह प्रधान पति सतेंद्र अपने साथ शिवकुमार, अजय, राजेश, आर्यन और अजय चौधरी उर्फ “अजय पिस्टल” को लेकर शराब ठेके के पास पहुंचा और सत्यपाल सिंह व देशराज सिंह को घेर लिया। फिर शुरू हुआ “सजा देने” का खेल। सड़क पर लाठियां बरसीं, डंडे टूटे और लोहे की रॉड चली।

पीड़ित पक्ष ने तुरंत 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। लेकिन आरोप यहीं खत्म नहीं होते।

कौशलेश का कहना है कि पीआरवी पुलिस ने उन्हें भरोसा दिया कि मौके पर आओ, पुलिस मौजूद रहेगी। लेकिन जैसे ही वे पहुंचे, आरोपियों ने दोबारा हमला बोल दिया। इस बार हमला और ज्यादा खतरनाक था। सत्यपाल सिंह का सिर फाड़ दिया गया। देशराज सिंह के मुंह, जांघ और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे कौशलेश को भी पीट डाला गया।

अब गांव में चर्चा सिर्फ हमले की नहीं, बल्कि उस सिस्टम की भी हो रही है जिसमें शिकायतकर्ता ही निशाने पर आ जाता है।

लोग पूछ रहे हैं —

“अगर घोटाला उजागर करने वालों का यही हाल होगा, तो फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ कौन बोलेगा?”

“क्या गांवों में प्रधानों के खिलाफ आवाज उठाना जान जोखिम में डालना है?”

पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते सख्ती दिखाती तो दूसरी बार हमला नहीं होता। परिवार अब एसएसपी से शिकायत करने की तैयारी में है।

थाना प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह का कहना है कि सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।

और नया पुराने

Live Viewers

0

نموذج الاتصال