अलीगढ : हरदुआगंज के निजी स्कूल पर अवैध वसूली का आरोप, बच्चों से मारपीट करने की शिकायत



हरदुआगंज। क्षेत्र के एक निजी स्कूल पर निर्धारित फीस के अतिरिक्त “बिल्डिंग फीस” वसूलने तथा विरोध करने पर बच्चों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल व जिलाधिकारी अलीगढ से की गई है।

ग्राम बरकातपुर निवासी सुशील कुमार ने शिकायती पत्र में बताया कि उनके तीन बच्चे हरदुआगंज रोड स्थित जीपीएस स्कूल (गंगा पब्लिक स्कूल) में पढ़ते हैं। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा निर्धारित फीस के अलावा प्रत्येक बच्चे से ₹1000 “बिल्डिंग फीस” के नाम पर वसूले जा रहे हैं।

शिकायत में कहा गया है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अतिरिक्त धनराशि देने में असमर्थता जताने पर स्कूल प्रबंधन और कुछ अध्यापकों ने बच्चों के साथ मारपीट की तथा उन्हें स्कूल से बाहर निकाल दिया। आरोप यह भी है कि अभिभावक के साथ स्कूल परिसर में अभद्र व्यवहार किया गया।

पीड़ित अभिभावक के अनुसार, 7 मई को मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई थी, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल प्रबंधन ने पुलिस के सामने ही “बिल्डिंग फीस” देना अनिवार्य बताते हुए दबाव बनाया।

सुशील कुमार का कहना है कि इस घटना से उनके बच्चे मानसिक रूप से परेशान हैं और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

और नया पुराने

Live Viewers

0

نموذج الاتصال