हरदुआगंज : इंस्टाग्राम पर फोटो डालकर बदनाम करने से सहमी छात्रा, थाने में तहरीर देने के बाद भी नहीं रुका उत्पीड़न, धमकियों से छात्रा ने बंद किया घर से निकलना



अलीगढ़ : हरदुआगंज थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी छात्रा ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। छात्रा का कहना है कि आरोपी काफी समय से उसे परेशान कर रहा है और सोशल मीडिया को हथियार बनाकर उसकी छवि खराब करने में लगा हुआ है।

पीड़िता के अनुसार युवक उसकी तस्वीरों को इंटरनेट पर डालकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है जिससे गांव और रिश्तेदारी में उसकी बदनामी हो। मामला सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रा ने आरोप लगाया कि युवक रास्ते में रोककर अभद्र व्यवहार करता है और डराने-धमकाने से भी पीछे नहीं हटता। 

सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि पीड़िता द्वारा थाने में शिकायत दिए जाने के बाद भी आरोपी के तेवर कम नहीं हुए। उल्टा वह और ज्यादा दबाव बनाने लगा। युवती का आरोप है कि आरोपी खुलेआम यह जताता फिर रहा है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने गांव और आसपास के कई लोगों को सोशल मीडिया पर फॉलो कर रखा है, ताकि पोस्ट और तस्वीरों के जरिए छात्रा को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया जा सके।

छात्रा के भाई का कहना है कि शुरुआत में परिवार ने मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन जब सोशल मीडिया पर कथित गतिविधियां बढ़ने लगीं और धमकी भरे व्यवहार की शिकायत सामने आई तो उन्हें पुलिस की शरण लेनी पड़ी। परिजनों का दावा है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण छात्रा ने घर से बाहर निकलना तक कम कर दिया है। पीड़िता ने करीब एक सप्ताह पूर्व थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उसकी हरकतों पर रोक नहीं लग सकी।

और नया पुराने

Live Viewers

0

نموذج الاتصال