अलीगढ़/हरदुआगंज। हरदुआगंज कस्बे के अहीरपाड़ा मोहल्ले में एक व्यक्ति पर हुए कथित जानलेवा हमले का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। सोमवार देर रात घर में घुसकर मारपीट किए जाने के आरोपों के बीच गंभीर रूप से घायल हुए 45 वर्षीय योगेश यादव ने मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों के अनुसार, योगेश यादव सोमवार रात अपने घर में अकेले थे। उनकी पत्नी बीना यादव बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। आरोप है कि देर रात कुछ लोग घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने के बाद अंदर घुस गए। इसके बाद योगेश के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें पहले मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया। बाद में एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई अशोक यादव की तहरीर पर पुलिस ने योगेन्द्र यादव, संजय यादव, चिन्टू यादव, बाबू और मिका समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। खास बात यह रही कि योगेश की मौत से कुछ समय पहले ही पुलिस ने जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। अब मौत होने के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाए जाने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच भी घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
