अलीगढ़ में अपशब्द बोलने पर आपस में भिड़े भाजपाई, समझौते का प्रयास जारी

ब्यूरो डेस्क, अलीगढ़

महानगर के सासनी गेट क्षेत्र के पला रोड पर रविवार देर रात गाड़ी हटाने को लेकर अपशब्द बोलने पर भाजपाई आपस में भिड़ गए। इस दौरान कहासुनी में एक पक्ष ने पूर्व मेयर व उनके गनर पर व्यापारी नेता को थप्पड़ मारने का आरोप लगा।

हालांकि विवाद के बाद पूर्व मेयर वहां से चली गईं। मगर व्यापारी नेता पक्ष के लोग हंगामा करते हुए आगरा रोड पर आ गए और जाम लगा दिया। करीब बीस मिनट के प्रयास के बाद पुलिस ने समझाकर जाम खुलवा दिया। बाद में देर रात दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंच गए। जहां समझौता वार्ता शुरू हो गई थी।

हुआ यूं कि पूर्व मेयर शकुंतला भारती अपनी स्कार्पियो गाड़ी से सुरक्षाकर्मी संग पला रोड पर भाजपा नेता स्वर्गीय नेता वैद्य रूप किशोर राठी के घर घूमने गई थीं। देर रात वे गाड़ी में सवार होकर लौट रही थीं, तभी गली के बाहर उद्योग व्यापार मंडल में खुद को प्रदेश संगठन मंत्री बता रहे अशोक गुप्ता दुकान पर सामान खरीद रहे थे और उनकी स्कूटी सड़क सहारे खड़ी थी। पूर्व मेयर की गाड़ी को निकलने में दिक्कत होती देख किसी ने अशोक गुप्ता से कहा कि स्कूटी साइड कर लो। आरोप है कि अशोक गुप्ता ने पहले अपशब्द बोल दिया। चूंकि पूर्व मेयर की गाड़ी का शीशा उतरा हुआ था। उन्होंने सुन लिया और वे भड़क गईं। अशोक गुप्ता पक्ष का आरोप है कि उन्होंने उतरते ही खुद व उनके अंगरक्षक ने उन्हें पीट दिया। बस यहीं विवाद हो गया। हालांकि अल्प समय में ही पूर्व मेयर वहां से चली गईं।

मगर अशोक गुप्ता ने हंगामा शुरू कर दिया। खबर पर अशोक का भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष बेटा मनीष भी वहां आ गया और तमाम लोग एकत्रित हो गए। इन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सभी लोग एकत्रित होकर आगरा रोड चिरंजीलाल स्कूल पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। खबर पर इंस्पेक्टर सासनी गेट व कुछ ही देर में सीओ प्रथम का काम संभाल रहे सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय भी पहुंच गए। लोगों को समझाकर बीस मिनट के प्रयास के बाद जाम खुलवा दिया। इसी बीच पूर्व मेयर भी थाने पहुंच गईं और इस पक्ष को भी थाने ले जाया गया। हालांकि अशोक गुप्ता ने पहले ही तहरीर लिखकर तैयार रख ली थी। जिसमें स्कूटी में टक्कर मारने और ऐतराज जताने पर पीटने का आरोप था। मगर वहां भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, इलाके के अन्य प्रमुख लोग पहुंच गए। पूर्व मेयर ने जब पूरा वाकया बताया तो बात सुलहनामे पर पहुंच गई। देर रात थाने में सुलहनामा पर वार्ता जारी थी। सीओ तृतीय ने बताया कि दोनों पक्ष थाने में मौजूद हैं। वार्ता चल जारी है। पूर्व मेयर का कहना है कि स्कूटी सवार खुद नशे में थे। उन्होंने अपशब्द कहे। अगर किसी भी स्तर पर मेरी कहीं गलती हो तो मैं हर सजा भुगतने को तैयार हूं।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0