हिजाब विवाद : अलीगढ़ में हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने जलाया बुर्का, भाजपाइयों ने निकाला मार्च

ब्यूरो डेस्क, अलीगढ़

अलीगढ़। हिजाब विवाद को लेकर राजनीति बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को हिन्दूवादी कार्यकर्ताओं ने बुर्का जलाया तो भाजपाइयों ने मार्च निकालकर पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। बुर्का जलाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हिजाब प्रकरण के समर्थन में एएमयू में निकाले गए मार्च के बाद अलीगढ़ में यह विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। हिजाब के विरोध की शुरूआत डीएस कॉलेज में कुछ छात्रों द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर पहुंचने से हुई थी। शुक्रवार को भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर लोधी के नेतृत्व में भाजपाई सेंटर पॉइंट स्थित टीकाराम मंदिर के बाहर एकत्रित हुए। हाथों में तिरंगा झंडा लेकर भारत माता की जयकार करते हुए कार्यकर्ता कलक्ट्रेट के लिए निकले। भाजपाइयों के मार्च निकालने की सूचना मिलते ही एसपी सिटी कुलदीप गुनावत, सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय सहित कई थानों का फोर्स अंबेडकर पार्क पर पहुंच गया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने भाजपाइयों को एसबीआई तिराहे पर ही रोक लिया। इस पर भाजपाइयों बुर्का, टोपी, हिजाब बंद करो के नारे लगाने शुरू कर दिए। भाजपाई कलक्ट्रेट जाने की जिद्द पर अड़ गए। इसको लेकर भाजयुमो जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों की पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से नोंकझोंक भी हुई। करीब आधा घंटे तक हुई बहस के बाद कलक्ट्रेट से एसीएम ने मौके पर पहुंचकर भाजपाइयों ने ज्ञापन लिया। तब जाकर भाजुयमो का मार्च समाप्त हुआ। जिलाध्यक्ष ने कहा है कि देश किसी की स्वयंभू जागीर नही जो किसी विशेष समुदाय के धार्मिक आधार पर संचालित हो। देश बाबा साहब के बनाए संविधान से चलेगा न कि शरीयत से। शिक्षा का इस्लामीकरण बर्दास्त से बाहर है। इस दौरान जिला महामंत्री धीरज चौधरी, सुमित सिब्बो, जिला उपाध्यक्ष राजीव रज्जी, सौरभ चौधरी, अर्जुन सोलंकी, प्रमेन्द्रपाल गुड्डू, जिला मंत्री विक्की चौधरी, नानक राजपूत, विक्रम शर्मा, लाजपतराय वार्ष्णेय,आकाश गुप्ता, रोहित वार्ष्णेय, धर्मेंद्र लोधी, राहुल लोधी, कुलदीप बघेल, अजय राज सिंह , विशाल चौधरी, अमन ठाकुर, सनी चौधरी, शैलेन्द्र जादौन, विस्वेंद्र चौधरी, यतेन्द्रपाल लोधी, अभिलाष चौहान, प्रशांत ठाकुर, सोमेश कुमार, अमर माहौर,अमित चौधरी, सुरभि भारद्वाज, देवेंद्र कुमार ,पंकज कुमार, शिवांग तिवारी,विशाल हिन्दू, शशांक वर्मा आदि मौजूद थे।

बुर्का जलाते हुए कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

एसबीआई तिराहे के पास ही जहां भाजपाइयों के मार्च को पुलिस-प्रशासन ने रोका था। उसी स्थान पर गले में भगवा गमछा डाले हुए हिन्दूवादी कार्यकर्ता बुर्का सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 14 सेकेंड की वीडियो में दिख रहे हैं। हालांकि भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने बुर्का जलाए जाने की घटना से पल्ला झाडा़ है।

एएमयू की तरफ जाने की सूचना अफसरों के हाथ-पांव फूले

भाजयुमो का मार्च एएमयू सर्किल की तरफ जाने की सूचना पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए थे। कुछ भाजपाइयों का सर्किल पर प्रर्दशन करने का इरादा भी था। हालांकि इससे पहले ही पुलिस-प्रशासन ने एसबीआई तिराहे पर भाजपाइयों को रोक दिया था।

हिजाब के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। हमारे किसी भी कार्यकर्ता ने बुर्का नहीं जलाया है।

-धर्मवीर सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष, भाजयुमो

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0