यूपी। बड़ा हादसा: हापुड़ में फैक्ट्री में लगी आग, 9 मजदुर जिंदा जले, 15 घायल

 

ब्यूरो ललित चौधरी

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिलान्तर्गत धौलाना में यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने की एक फैक्टरी में शनिवार दोपहर अचानक बॉयलर फट गया। इस दुर्घटना में फैक्टरी में कार्यरत नौ लोगों की मौत हो गई।दुर्घटना में कम से 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत चिंताजनक है।

धौलाना स्थित यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में सीएनजी पम्प के पीछे इलेक्ट्रॉनिक समान बनाने की फैक्टरी है। इस फैक्टरी में शनिवार को भी काम काज चल रहा था। दोपहर में अचानक फैक्टरी का बॉयलर फट गया। बॉयलर फटने से इतना जबर्दस्त धमाका हुआ कि आसपास की कई फैक्टरियों की छतें उड़ गई। इस दौरान फैक्टरी में आग भी लग गई। इस दुर्घटना में फैक्टरी में कार्यरत 9 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत चिंताजनक है। घायलों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार और मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भी घटनास्थल पर पहुंचे। मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि उन्होंने और पुलिस महानिरीक्षक ने घटनास्थल का जायजा लिया है। दुर्घटना के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर फोरेंसिंक टीम ने जांच शुरू कर दी है। अन्य जानकारी भी एकत्र की जा रही है। पुलिस टीम भी जांच कार्य में जुट गई है। जांच में जो भी व्यक्ति घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हापुड़ में शनिवार को एक फैक्टरी में बॉयलर फटने से लगी आग में 9 मजदूरों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी शोक संदेश में योगी ने इस हादसे में मारे गये मजदूरों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने आलाधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और जांच के निर्देश दिए।

उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने घटना के सम्बंध में विशेषज्ञों द्वारा जांच करवाने के निर्देश दिये हैं।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0