अलीगढ़ में दहेज के लिए पत्नी को किया लहूलुहान, महिला अस्पताल में भर्ती

Samachar darpan live


अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र के मोहल्ला पक्की गढ़ी में दहेज के लिए महिला पर आत्मघाती हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि उसके शौहर ने दहेज के लिए पहले उससे मारपीट की और फिर उसे जान से मारने के इरादे से हमला कर दिया।

आरोपी ने महिला पर धारदार हथियार से हमला किया और लहूलुहान कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है।

4 साल पहले हुआ था निकाह, मांगते हैं दहेज

अतरौली के पक्की गढ़ी निवासी अतकीम खां की बेटी सिमरन का विवाह 4 साल पहले पक्की गढ़ी के ही रहने वाले राजा के पुत्र शमशुद्दीन के साथ हुई थी। पीड़िता के पिता ने बताया कि निकाह के कुछ दिन बाद तक सब ठीक चल रहा था। लेकिन इसके बाद ससुराल के लोगों ने दहेज की मांग करना शुरू कर दिया।

शनिवार को आरोपियों ने उनकी बेटी के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने के इरादे से धारदार हथियार से प्रहार कर दिया। जिसके कारण उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पिता ने बताया कि जब उन्हें घटना की जानकारी हुई तो वह तुरंत अस्पताल पहुंचे। अब वह आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

पीड़िता बोली, आए दिन मांगते हैं दहेज

पीड़िता सिमरन ने बताया कि उसके पिता ने निकाह के समय अपनी क्षमता के अनुसार खर्चा किया था। अब उसके पति और ससुराल के लोग आए दिन दहेज की मांग करते हैं। जब वह मना करती है, तो उसके साथ जमकर मारपीट करते हैं।

अब आरोपियों ने उसे जान से मारने का प्रयास किया है। उसके पति ने अपने परिवार के साथ मिलकर मारपीट की और जान से मारने के इरादे से हमला भी किया। इसके साथ ही धमकाया भी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसकी हत्या कर देगा।

अतरौली थाना प्रभारी रितेश कुमार ने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के लोगों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0