अलीगढ़ में सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप: कमरे में रखे 5 में से 3 सिलेंडर फटे, दो भाई गंभीर रूप से झुलसे

 


अलीगढ़ के सिविल लाइंस इलाके में रविवार देर रात एक जोरदार हादसे ने पूरे मोहल्ले को दहला दिया। फिरदौस नगर में एक मकान के कमरे में आग लगने के बाद रखे घरेलू गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। कुल 5 सिलेंडरों में से 3 सिलेंडर ब्लास्ट हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धमाके इतने तेज थे कि आसपास के घरों में कंपन महसूस हुआ और करीब डेढ़ किलोमीटर तक आवाज सुनी गई। घबराए लोग रात में ही अपने घरों से बाहर निकल आए।

इस हादसे में कमरे में मौजूद दो सगे भाई आग की लपटों में फंसकर बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया।

घायल भाइयों की पहचान जिर्रार (48) और शहजाद (45) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरेली के रहने वाले हैं। दोनों अलीगढ़ में एक चाय की दुकान पर काम करते हैं और फिरदौस नगर-बी की गली नंबर-3 में तीसरी मंजिल पर किराए के कमरे में रह रहे थे।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों ने दुकान के काम के लिए कमरे में गैस सिलेंडर स्टॉक कर रखे थे। इनमें 3 सिलेंडर भरे हुए थे, जबकि 2 खाली थे। देर रात जब दोनों कमरे में सो रहे थे, तभी अचानक आग लग गई और कुछ ही पलों में सिलेंडरों में विस्फोट शुरू हो गया।

फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह गैस लीकेज मानी जा रही है। आशंका है कि कमरे में गैस भर जाने के बाद किसी चिंगारी या बिजली के स्विच से धमाका हुआ।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रिहायशी इलाके में एक ही कमरे में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर क्यों रखे गए थे। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण या रिफिलिंग तो नहीं की जा रही थी।

हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इसे बड़ी लापरवाही का नतीजा मान रहे हैं।

और नया पुराने

Live Viewers

0

نموذج الاتصال