हरदुआगंज में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-ट्रैक्टर और रोडवेज बस की टक्कर, एक की मौत, कई घायल



अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शाहपुर बंबी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पहले आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी और फिर सामने से आ रही मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस से जा भिड़ा। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस और ट्रक के चालक-परिचालक समेत करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निजामतपुर बोरना में भागवत कथा का आयोजन हुआ था। कथा समाप्ति के बाद परिवार के लोग कलश विसर्जन के लिए नरौरा गंगा घाट जा रहे थे। परिवार के सदस्य अलग वाहन में थे, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में भंडारे का सामान और हलवाई चंदन सिंह सहित कई कारीगर सवार थे।


रात करीब 11:45 बजे जब ट्रैक्टर शाहपुर बंबी के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की। उसी समय सामने से रोडवेज बस आ गई। बस को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कुचलते हुए सीधे बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटकर बंबे में जा गिरी।

हादसे में ट्रैक्टर चालक सोनू कुमार (29) निवासी निजामतपुर बोरना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रॉली में बैठे अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस चालक राजबहादुर, परिचालक नूरे शाकिर और ट्रक चालक रामकिशन भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।



हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। दुर्घटना के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद खुलवाया जा सका।



रविवार को एसएसपी नीरज सिंह जादौन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं मृतक के भाई राहुल कुमार की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घायलों में ये लोग शामिल

ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार हलवाई चंदन सिंह, बौबी, मोहनदेवी, गुड्डी देवी, राजवती, अंगूरी देवी, ओमप्रकाश, शिवम, सोनू, विजय, रोहन, हेमंत समेत कई लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा बस में सवार किरन, संजय, राहुल गौतम, ज्ञानेंद्र कुमार और नत्थू भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

और नया पुराने

Live Viewers

0

نموذج الاتصال