हरदुआगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार शाम मछुआ नहर पुल के पास तीन बाइकों पर सवार सात बदमाशों ने एक निजी फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट को रोककर मारपीट की और ₹70,400 कैश सहित उसकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ऊषा फाइनेंशियल प्राइवेट लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट अजय कुमार निवासी संभल, मंगलवार को बुढ़ासी क्षेत्र से किस्तों की वसूली करके लौट रहे थे। शाम करीब 5:40 बजे मछुआ नहर पुल से बरौठा पटरी के पास घात लगाए बैठे सात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने एजेंट के साथ मारपीट की और नकदी से भरा बैग व हीरो स्प्लेंडर बाइक (UP-24BM-2175) छीन ली।
पीड़ित के मुताबिक, वह हुलिए के आधार पर 'गोलू' नाम के एक आरोपी को पहचानते हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
