यूपी। शौहर ने सिगरेट से झुलसाया, देवर ने की अश्लील हरकत, दिया तीन तलाक - जानिए पूरा मामला

 

ब्यूरो ललित चौधरी

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से तीन तलाक का मामला प्रकाश में आया है। जिसमें पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शरीर व विभिन्न अंगों को सिगरेट से जलाया भी जाता था। उसका देवर भी उससे अश्लील हरकत करता था।

रिजवाना नाम की पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका शौहर उसे सिगरेट से झुलसाता था और उससे मारपीट करता था। कुछ दिन पहले उसके शौहर ने जब उसे तीन तलाक दिया तो उसके ससुराल वालों ने भी उसे घर से निकाल दिया। अब इसी बाबत महिला ने शिकायत थाने में दी है।

नगर के पट्टी हरनाम सिंह मोहल्ला की रिजवाना ने बताया कि उसका निकाह सिंभावली थाना क्षेत्र के गाँव वैट के रहने वाले अनस से हुआ था। निकाह के समय उसके घर वालों ने औकात के अनुसार दहेज दिया। 

मगर ससुराल के लोगों को तसल्ली नहीं हुई। उन्होंने फिर से 10 लाख रुपए की नकदी और बड़ी कार की माँग करना शुरू कर दिया। माँग पूरी न होने पर उससे मारपीट होती और कई बार तो उसके शरीर व विभिन्न अंगों को सिगरेट से जलाया भी जाता था। कई बार उसका देवर भी उससे अश्लील हरकत करता था।

जब रिजवाना के साथ होती इन ज्यादतियों के बारे में घरवालों को पता चला तो उन्होंने ससुराल वालों को समझाया लेकिन फिर भी रिजवाना को प्रताड़ित करना किसी ने नहीं छोड़ा। बहुत तंग आकर वह एक दिन घर लौट गई। जिसके कुछ दिन बाद उसके शौहर ने उसे मोबाइल पर तलाक दे दिया और ससुराल वालों ने भी रिश्ता तोड़ लिया। 

पुलिस में इस मामले की शिकायत होने के बाद सीओ स्याना अलका सिंह ने बताया कि उन्होंने तहरीर के आधार पर आरोपित शौहर अनस, ससुर आस मोहम्मद, मोनिस, दानिश, आयशा, आसमा को एफआईआर में नामजद किया है। जल्द ही इन आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

पहले बेरहमी से पीटा, फिर तीन तलाक

गौरतलब है कि एक ओर उत्तर प्रदेश में तीन तलाक से पहले महिला को सिगरेट से झुलसाने का मामला आया है। वहीं मध्यप्रदेश में भी मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम नांद्रा के आशिक से छह साल पहले निकाह करने वाली रेशमा को बेहरमी से पीटकर तीन तलाक देकर घर निकाले जाने का मामला आया है। 

मिली जानकारी के अनुसार रेशमा ने बताया कि आशिक किसी अन्य महिला से अवैध संबंधों के चलते उससे घर पर मारपीट करता था। अब तीन तलाक मिलने पर महिला ने अपने शौहर, सास, ससुर, जेठानी, ननद, मौसी सब पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0