8 साल की बच्ची के साथ रेप:पड़ोस में रहने वाले 35 साल के युवक ने की घटना, शरीर पर कई जगह काटा

SDLive News

मथुरा में एक 8 साल की बच्ची के साथ पड़ोसी युवक ने रेप की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ घर पर अकेली थी। तभी मौका देखकर आरोपी घर में घुस आया। आरोपी ने पहले बच्ची के साथ मारपीट की। उसके बाद कमरे में बंद करके उसके साथ गलत काम किया। छोटी बहन के शोर मचाने पर उसको भी पीटा। चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया।

बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपी ने उसके शरीर पर कई जगह काटा भी है। उसके शरीर पर घाव के निशान हैं। आरोपी की उम्र 35 साल बताई जा रही है। यह घटना मथुरा के महावन थाना क्षेत्र की है। बच्ची के साथ मंगलवार की शाम 5 बजे आरोपी ने रेप किया है।

दोनों बहनें खाना खाने के बाद सोने गई थीं

बच्ची की ताई ने बताया, "पीड़िता की मां नहीं है। पिता रोज दोनों बच्चियों को घर में छोड़कर मजदूरी करने चले जाता है। हम लोगों का घर बगल में ही है। हम ही लोग बच्चियों का ध्यान रखते हैं। मंगलवार को दोनों बहनें खाना खाने के बाद घर पर सोने चली गई थीं। करीब 1 घंटे बाद छोटी बहन बाहर चिल्लाते हुए निकली। हम लोग जब उसकी आवाज सुनकर बाहर आए तो वो बोली दीदी के साथ वो मारपीट कर रहा है।"

"हम लोगों ने अंदर जाकर देखा तो बड़ी बेटी बेहोश पड़ी हुई थी। उसके बहुत खून निकल रहा था। मुंह भी सूजा हुआ था। गांव के लोगों को देखकर आरोपी भागने लगा तो उसको पकड़ लिया गया। उसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। आरोपी ने छोटी को भी बहुत मारा था।"

आरोपी को हम लोग पहले से जानते हैं

पीड़िता के पिता ने बताया, "हम लोगों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी है। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। बिटिया की हालत भी गंभीर है। आरोपी को हम लोग पहले से जानते हैं। वो घर के बगल में ही रहता है। उसकी अभी तक शादी नहीं हुई है। कोई नौकरी भी नहीं करता है। हम लोगों से उसकी बातचीत होती थी क्या पता था वो मेरी बेटी के साथ इतना घिनौना काम करेगा।"

आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी

मामले में एसएसपी शैलेश पांडे का कहना है, "पीड़िता के घर पहुंचकर उससे घटना की जानकारी ली है। परिवार के लोगों से भी बातचीत की गई है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी पीड़िता अपने घर पर है।"

और नया पुराने

खबर पढ़ रहे लोग: 0