अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। लोगों ने शव की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रिय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को महिला से जुड़ी कोई जानाकरी नहीं मिली है, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया है और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। जिससे महिला की जल्द से जल्द शिनाख्त की जा सके।
नहर के पास पड़ा हुआ था महिला का शव
महिला का शव बहरामगढी बंबे के पास पड़ा मिला है। जिसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके के सीसीटीवी कैमरे भी ख़ंगालने शुरू कर दिए हैं। जिससे यह पता लगाया जा सके कि महिला उस इलाके में कहां से और किसके साथ आई थी।
वहीं महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के पुलिस थानों में भी सूचना प्रसारित की है, जिससे लापता महिलाओं की जानकारी की जा सके। पुलिस के अनुसार महिला इलाके की नहीं है और उसे पहली बार ही यहां देखा गया है। ऐसे में अलीगढ़ समेत आसपास के जिलों में भी महिला की सूचना प्रसारित कर दी गई है।
72 घंटे के बाद कराया जाएगा पोस्टमार्टम
महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इसलिस पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और उसकी शिनाख्त के लिए कार्रवाई की जा रही है। अगर तीन दिन के
अंदर महिला की शिनाख्त नहीं हो पाती है तो फिर 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं पुलिस ने बताया कि जल्दी ही महिला की शिनाख्त हो जाएगी, जिसके बाद पोस्टमार्टम करा दिया जाएगा।
महिला की शिनाख्त के लिए दो टीमें बनी
एसपी ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए दो टीमों का गठन कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही शव की शिनाख्त कर ली जाएगी और मामले का खुलासा किया जाएगा।