अलीगढ : आकाशीय बिजली का कहर: खेत में फसल काट रही किशोरी की मौत, परिवार बाल-बाल बचा


अलीगढ़ जनपद के जवां क्षेत्र में मौसम के अचानक बिगड़ने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया। 5 अप्रैल की शाम गेहूं की फसल बचाने के लिए खेत में काम कर रहे एक किसान परिवार पर बिजली गिर गई, जिसमें 15 वर्षीय किशोरी राधा की मौत हो गई, जबकि बाकी सदस्य सुरक्षित बच गए।

परिवार के मुखिया विजय सिंह के अनुसार, उन्होंने परिवार के भरण-पोषण के लिए पांच बीघा जमीन पट्टे पर लेकर गेहूं की खेती की थी। फसल पककर तैयार थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से खराब मौसम के कारण नुकसान की आशंका बनी हुई थी। इसी वजह से 5 अप्रैल को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खेत में फसल काटने में जुटे थे।

दोपहर बाद मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गरज-चमक शुरू हो गई। शाम करीब 4 बजे तेज आवाज के साथ बिजली पास में गिरी। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने कुछ दूरी पर राधा को गंभीर हालत में पड़ा देखा। वह बिजली की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गई थी।

परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए छेरत के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में गहरा शोक है।

बताया गया कि राधा ने हाल ही में छेरत स्थित एक इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, जिसके चलते पंचनामा की प्रक्रिया देर शाम तक पूरी की गई। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विजय सिंह खेती के साथ-साथ मजदूरी का काम भी करते हैं। उनके पास खुद की कुछ जमीन है, जबकि अतिरिक्त जमीन पट्टे पर लेकर उन्होंने इस बार गेहूं की फसल बोई थी, जो पहले ही बारिश से प्रभावित हो चुकी थी।

और नया पुराने

Live Viewers

0

نموذج الاتصال