हरदुआगंज क्षेत्र से आई एक दर्दनाक खबर ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मंगलवार दोपहर हाथरस के मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जीजा और साले—दोनों की जान चली गई। एक ही बाइक पर निकले ये दोनों रिश्तेदार कभी घर वापस नहीं लौट सके।
जानकारी के मुताबिक, ऊंटगिर सिल्ला निवासी 34 वर्षीय जय कुमार गुप्ता हरदुआगंज में अग्रसेन इंटर कॉलेज के पास बिजली के सामान की दुकान चलाते थे। मंगलवार को वह अपने साले राहुल गुप्ता (निवासी सहबाजपुर, थाना विजयगढ़) के साथ दवा लेने मथुरा गए थे। वहां से दोनों वृंदावन में बिहारी जी के दर्शन करने भी पहुंच गए। दर्शन के बाद जय कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया—शायद उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी पोस्ट साबित होगी।
दोपहर में दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाथरस के पास ऐवरनपुर गांव के नजदीक पहुंची, किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत दोनों को जिला अस्पताल हाथरस पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जय कुमार की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जय कुमार अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों और माता-पिता को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। उधर राहुल, जो गाजियाबाद में कपड़े का कारोबार करते थे, अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों और माता-पिता को बिलखता छोड़ गये।
