सिस्टम ने समझा मजाक उड़ा दिया… Gen Z ने लॉन्च कर दी “कॉकरोच जनता पार्टी”



 देश में बेरोजगारी पुरानी है, गुस्सा पुराना है, सिस्टम पुराना है… लेकिन विरोध का तरीका नया आ गया है। नाम है — “कॉकरोच जनता पार्टी”।

जिस शब्द को सुनकर लोग पहले चप्पल ढूंढते थे, अब उसी नाम की “पार्टी” में लाखों युवा ऑनलाइन शामिल हो रहे हैं। मामला तब गरमाया जब सुप्रीम कोर्ट में हुई एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई और इंटरनेट की जनता को लगा कि युवाओं को “कॉकरोच” कहा गया है। बस फिर क्या था…

जिस पीढ़ी को नौकरी नहीं मिली, उसने मीम बना दिया।

जिसे नौकरी मिल गई, उसने ऑफिस में बैठकर वही मीम वायरल कर दिया।

देखते ही देखते सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से ऐसा तूफान आया कि नेताओं से ज्यादा फॉलोअर्स और प्रवक्ताओं से ज्यादा मीम क्रिएटर पैदा हो गए। इंस्टाग्राम खोलो तो कॉकरोच… एक्स खोलो तो कॉकरोच… यूट्यूब पर जाओ तो “कॉकरोच क्रांति” के एडिट्स चल रहे हैं।

इस ऑनलाइन आंदोलन को शुरू करने वाले अभिजीत दिपके ने शायद खुद भी नहीं सोचा होगा कि मजाक में फेंकी गई चिंगारी इंटरनेट का गैस सिलेंडर पकड़ लेगी। पहले दिन करीब 10 हजार लोग जुड़े। दूसरे दिन 40 हजार। तीसरे दिन 80 हजार। और अब सोशल मीडिया पर दावा हो रहा है कि 1 लाख से ज्यादा लोग “कॉकरोच जनता पार्टी” से जुड़ चुके हैं।

सबसे खतरनाक बात ये है कि ये लोग नारों से नहीं, मीम से हमला कर रहे हैं।

पहले आंदोलन में टायर जलते थे…

अब रील जलती है।

पहले नारे लगते थे…

अब कमेंट सेक्शन फटता है।

सोशल मीडिया पर वायरल “योग्यता सूची” ने तो युवाओं को और भी जोड़ दिया। उसमें लिखा था —

बेरोजगार होना जरूरी 

रात 2 बजे तक ऑनलाइन रहना चाहिए 

सिस्टम को कोसने का कम से कम 2 साल का अनुभव 

और “भाई कुछ बड़ा करेंगे” बोलकर खुद कुछ न करना 

यानि आधे हिंदुस्तान को लगा — “अरे ये तो हमारा ही बायोडाटा है!”

मजेदार बात ये है कि यह सिर्फ मजाक बनकर नहीं रुका। पार्टी के वायरल घोषणापत्र में महिलाओं को 50% राजनीतिक आरक्षण, मीडिया जवाबदेही, दल-बदल करने वाले नेताओं पर लंबा बैन और रिटायरमेंट के बाद मलाईदार पदों पर रोक जैसी मांगें भी रखी गई हैं। यानी इंटरनेट की जनता ने साफ कर दिया — “मीम अलग चीज है, गुस्सा अलग।”

अब हालत ये है कि विदेशी मीडिया तक इस “कॉकरोच क्रांति” की चर्चा पहुंच चुकी है। और इंटरनेट पर लोग लिख रहे हैं —

“सिस्टम ने सोचा था बच्चे डर जाएंगे…

बच्चों ने पार्टी बना ली।”

फिलहाल ये कोई चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त पार्टी नहीं है, लेकिन जिस स्पीड से लोग इससे जुड़ रहे हैं, उसे देखकर इतना तो तय है कि भारत की नई पीढ़ी अब भाषण से कम और व्यंग्य से ज्यादा राजनीति कर रही है।

और सच कहें तो…

सिस्टम को पहली बार मीम से डर लग रहा है। वही कॉकरोच जनता पार्टी पार्टी के फाउंडर ने रील शेयर करके जानकारी दी है कि उनके इन्स्टाग्राम पेज व वेबसाइट को हैक करने की कोशिश की जा रही है ताकि उनकी व अन्य कॉकरोच की आवाज दवाई जा सके |